Next Story
Newszop

प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के 'योग आंध्र-2025' अभियान को सराहा

Send Push

नई दिल्ली, 03 जून (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश सरकार के ‘योग आंध्र-2025’ अभियान की सराहना की है, जिसका उद्देश्य योग को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से निश्चित रूप से लोगों को लाभ होगा। मोदी ने कहा कि वे 21 जून को आंध्र प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए उत्साहित हैं।

प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के चित्तूर के निकट आयोजित योग आंध्र 2025 कार्यक्रम में योग प्रेमियों की जीवंत भागीदारी की सराहना की। यह कार्यक्रम पुलिगुंडु ट्विन हिल्स के बीच आयोजित किया गया, जहां 2000 से अधिक योग प्रेमी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2025 की तैयारी के लिए आंध्र प्रदेश में महीने भर चलने वाले कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिए एकत्रित हुए।

केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “योग दिवस 2025 के प्रति उत्साह देखकर खुशी हो रही है। योग आंध्र-2025 योग को लोकप्रिय बनाने के लिए आंध्र प्रदेश के लोगों द्वारा किया गया एक सराहनीय प्रयास है। मैं 21 तारीख को आंध्र प्रदेश में योग दिवस मनाने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मैं आप सभी से योग दिवस मनाने और योग को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का आह्वान करता हूं।”

योग आंध्र-2025 अभियान के मुख्य बिंदु:

– आंध्र प्रदेश में योग को बढ़ावा देने के लिए एक महीने का अभियान

– 1.13 करोड़ से अधिक लोगों ने योगाभ्यास के लिए पंजीकरण कराया

– 21 जून को विशाखापत्तनम में योग दिवस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे

– आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे

– योग सत्रों का आयोजन समुद्र तटों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किया जा रहा है

इस अभियान के तहत आंध्र प्रदेश सरकार ने जिला-स्तरीय प्रशिक्षण, मंडल-स्तरीय आउटरीच और गांव-स्तरीय कार्यक्रमों की योजना बनाई है। लगभग 100 पर्यटक स्थलों पर थीम-आधारित योग जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Loving Newspoint? Download the app now