Next Story
Newszop

हिंडन एयरपोर्ट पर विकट है पार्किंग की समस्या... 20 मिनट तक हवा में चक्कर लगाती रही पटना की फ्लाइट

Send Push
गाजियाबाद: गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर पार्किंग की समस्‍या के कारण यात्रियों को लगातार परेशानी हो रही है। गुरवार को भी ऐसी ही घटना हुई जब पार्किंग की कमी के कारण एक फ्लाइट 20 मिनट तक हवा में उड़ती रही। इतना ही नहीं एक यात्री ने एयरलाइन पर एक ही सीट दो लोगों को देने का आरोप लगाया।



हिंडन एयरपोर्ट पर उड़ानों के हिसाब से पार्किंग की जगह कम है। गुरुवार को पटना से हिंडन आने वाली फ्लाइट को पार्किंग के लिए 20 मिनट तक हवा में उड़ना पड़ा। जगह मिलने के बाद जब फ्लाइट लैंड हुई, तब यात्रियों ने राहत की सांस ली।



बुधवार को भी एक फ्लाइट रद्द कर दी गई थी। यात्री अमित किशोर ने इसकी शिकायत नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से की है। अमित किशोर वसुंधरा की द्रोणागिरी सोसायटी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्त राजीव रंजन के साथ बिहार के मुजफ्फरपुर गए थे।



उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से बुधवार को गाजियाबाद वापस आना था. पटना से हिंडन एयरपोर्ट के लिए सुबह 10:50 बजे की उड़ान थी। अमित किशोर का आरोप है कि एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उड़ान रद्द हो गई है।



राजीव रंजन ने बताया कि उन्होंने स्टाफ से उड़ान रद्द करने की वजह पूछी। उन्हें बताया गया कि हिंडन एयरपोर्ट पर पार्किंग की समस्या है। यात्रियों ने इस पर नाराजगी जताई। इसके बाद एयर इंडिया ने उन्हें दूसरी फ्लाइट का टिकट दिया। यह फ्लाइट गुरुवार सुबह 10:50 बजे पटना से रवाना हुई। दोपहर करीब 12:05 बजे यह हिंडन पहुंची।



यही फ्लाइट करीब 20 मिनट तक एयरपोर्ट के आसपास हवा में घूमती रही। यात्री इस दौरान तनाव में रहे। लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। उन्होंने DGCA में इसकी शिकायत की है। हिंडन विमानपत्तन सलाहकार समिति के अध्यक्ष और स्थानीय सांसद अतुल गर्ग ने कहा है कि कुछ उड़ानों को कम करने पर विचार किया जा रहा है। आने वाले दिनों में सभी व्यवस्थाएं ठीक हो जाएंगी।



अमित किशोर ने एक और आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बुधवार शाम 7:10 बजे वह अपने दोस्त के साथ पटना से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में चढ़े। राजीव रंजन की सीट पर एक दूसरा यात्री बैठा हुआ था। दोनों का सीट नंबर और टिकट नंबर एक जैसा था। अमित किशोर का आरोप है कि एयरलाइन कंपनी ने एक ही सीट दो लोगों को दे दी थी। इस बात पर 30 से 40 मिनट तक बहस हुई। अधिकारी ने पहले आने वाले यात्री को सीट पर बैठा दिया। इस पर राजीव और अमित दोनों फ्लाइट से उतर गए।



एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने कहा कि वे सिर्फ राजीव को ही टिकट देंगे। क्योंकि अमित ने खुद सीट छोड़ी है। अमित किशोर ने कहा कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तब दोनों को टिकट दिया गया। लेकिन रात में ठहरने का कोई इंतजाम नहीं किया गया।

Loving Newspoint? Download the app now