Next Story
Newszop

नए पुल और बाइपास, नेशनल हाईवे होंगे अपग्रेड, बिहार के इन जिलों को 33 हजार करोड़ का मेगा गिफ्ट

Send Push
पटना: केंद्र सरकार ने बिहार को वित्तीय वर्ष 2025-26 में एनएच निर्माण के लिए 33 हजार 464 करोड़ रुपये की सौगात दी है, जिससे राज्य में 52 परियोजनाओं के तहत 875 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होगा, जिसमें 380 किमी एनएच को दो लेन से चार लेन में अपग्रेड किया जाएगा और गंडक नदी पर दो पुल भी बनेंगे। यह राशि देश के सड़क निर्माण के लिए प्रस्तावित बजट का लगभग एक तिहाई है, जो बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





केंद्र का बिहार को सड़कों का मेगा गिफ्ट

केंद्र सरकार ने बिहार को बड़ी सौगात दी है। मौजूदा वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार ने बिहार को एनएच निर्माण के लिए एकमुश्त 33 हजार 464 करोड़ दिया है। देश के सड़क निर्माण के लिए प्रस्तावित बजट का यह लगभग एक तिहाई पैसा है। अब तक बिहार को बमुश्किल छह-सात हजार करोड़ ही मिलते रहे हैं। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के पत्र के अनुसार इस पैसे से बिहार की 52 परियोजनाओं का काम हो सकेगा। इसके तहत 875 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होगा।





जानिए, किन सड़कों को मिली मंजूरी

  • इसमें से 380 किमी एनएच को दो लेन से चार लेन में अपग्रेड किया जाएगा। गंडक नदी पर दो पुल भी बनेंगे।
  • रामजानकी मार्ग मशरख-चकिया-भिठ्ठा मोड़ तक 146 किमी चार लेन सड़क भी शामिल है। इसके लिए 73 सौ करोड़ मंजूर किया गया है।
  • गंडक नदी पर एनएच 727एए के तहत बेतिया के सेवराही में चार लेन पुल बनेगा। 11 किलोमीटर लंबे इस पुल को बनाने में 1800 करोड़ खर्च होंगे।
  • बेतिया से बगहा के बीच चार लेन सड़क का निर्माण होगा। 69 किमी लंबी इस परियोजना पर 4300 करोड़ खर्च होंगे।
  • अरवल से बिहारशरीफ तक चार लेन सड़क बनाने में 2300 करोड़ खर्च होंगे।
  • अरवल बाईपास पर 574 करोड़, दाउदनगर बाईपास पर 931 करोड़, औरंगाबाद बाईपास पर 865 करोड़, समस्तीपुर बाईपास पर 320 करोड़ खर्च होंगे।
  • वहीं समस्तीपुर से दरभंगा तक दो लेन सड़क बनाने में 220 करोड़ खर्च होंगे।
  • जहानाबाद में एनएच 83 पर आरओबी बनाने में 100 करोड़ खर्च होंगे। एनएच 102 पर आरओबी बनाने में 150 करोड़ लगेंगे।
  • हथुआ और फुलवरिया के बीच आरओबी बनाने में 95 करोड़ खर्च होंगे।
  • डुमरांव बाईपास पर 150 करोड़, वाल्मीकिनगर व्याघ्र परियोजना के नये एलाईनमेंट से 15 किमी बाईपास बनेगा। इसे बनाने में 3000 करोड़ खर्च होंगे।
  • जबकि सिंघेश्वर बाईपास में 200 करोड़, सीतामढ़ी से चिरौत तक दो लेन सड़क बनाने में 500 करोड़ खर्च होंगे।




बिहार सरकार भी झोंकेगी पूरी ताकत

पथ निर्माण विभाग के मंत्री नितिन नवीन ने इस सौगात पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पहली दफे केंद्र की मोदी सरकार ने एक वित्तीय साल में इतनी बड़ी रकम की मंजूरी दी है। इसके लिए बिहार पीएम मोदी और नितिन गडकरी का आभारी रहेगी। काम को समय पर पूरा करने के लिए बिहार सरकार भी जी जान लगा देगी।

Loving Newspoint? Download the app now