जालोर जिले के सायला थाना क्षेत्र स्थित सांगाणा भारतमाला टोल प्लाजा पर एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां सायला थाने में तैनात कांस्टेबल घेवरचंद ने टोल मांगने पर टोल कर्मचारी के साथ बदसलूकी की और उसे थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर, जालोर पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव ने कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि घटना 12 जुलाई 2025 को दोपहर 12 बजे की है।
कांस्टेबल निजी कार में था
जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल घेवरचंद अपनी निजी कार से जोधपुर से सायला जा रहा था। सांगाणा स्थित भारतमाला टोल प्लाजा पहुँचने पर टोल कर्मचारियों ने उसकी निजी कार का टोल शुल्क मांगा। कांस्टेबल ने पुलिसकर्मी होने का हवाला देते हुए मुफ्त प्रवेश की मांग की, लेकिन टोल कर्मचारियों ने नियमों का पालन करते हुए उसे टोल शुल्क चुकाने को कहा। इस पर कांस्टेबल भड़क गया और कर्मचारी से बहस करने लगा।
विवाद बढ़ने पर घेवरचंद कार से उतरा और टोल कर्मचारी का गला पकड़कर उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिए। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। हालांकि, टोल कर्मचारियों ने इस मामले में तुरंत कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन रविवार को वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आया।
घटना के बाद कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया
सायला थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद जालोर एसपी ने कांस्टेबल घेवरचंद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
You may also like
तंबाकू नहीं, अब समोसे-जलेबी पर भी दिखेगी "जानलेवा" चेतावनी!
बराक में कृषि और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए मुख्य सचिव का दौरा
शिमला : वन भूमि पर अवैध सेब बागानों सहित फलदार पेड़ों पर चल रही वन विभाग की आरी, सेब उत्पादक संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए अधोसंरचना विस्तार के कार्य समयसीमा में करें पूर्ण: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
श्रावण मास में गाय के थन से पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक