भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा कर दी गई है। दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम शाम 5 बजे से लागू हो गया है। यह जानकारी भारत के विदेश मंत्रालय ने दी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हो गए हैं। भारत ने सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख बनाए रखा है। वह ऐसा करना जारी रखेगा।
विदेश सचिव मिसरी की घोषणा
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने एक संक्षिप्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। वे इस बात पर सहमत हुए कि दोनों पक्ष भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र पर सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे।विदेश सचिव ने कहा कि आज दोनों पक्षों को इस समझौते को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को दोपहर 12 बजे फिर से बात करेंगे।
ट्रंप ने कहा- अमेरिका की मध्यस्थता से समझौता हुआ
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर हुए समझौते की जानकारी दी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात तक चली बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप के बयान के तुरंत बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी ट्वीट कर बताया कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल युद्ध विराम पर सहमत हो गई हैं। दोनों देश तटस्थ स्थल पर विभिन्न मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गए हैं।
जेडी वेंस और मार्को रुबियो ने बातचीत की
मार्को रुबियो ने ट्वीट में लिखा - "पिछले 48 घंटों में जेडी वेंस और मैंने भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों से बातचीत की है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाहबाज शरीफ, विदेश मंत्री एस जयशंकर, सेना प्रमुख असीम मुनीर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और असीम मलिक शामिल हैं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम करने और तटस्थ स्थान पर विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करने पर सहमत हो गई हैं। मैं शांति का रास्ता चुनने में समझदारी दिखाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ की सराहना करता हूं।"
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने ट्वीट किया
अमेरिका द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम पर समझौते की जानकारी दिए जाने के बाद पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने भी ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।
You may also like
बिना कपड़ों पहने के सोने के है ये 5 फायदे जानकर दंग रह जाएंगे आप
आज का कर्क राशि का राशिफल 18 मई 2025 : आज पिकनिक पर जाने की योजना बना सकते हैं, परिवार के साथ वक्त अच्छा बीतेगा
आज का मेष राशि का राशिफल 18 मई 2025 : बिजनस में दिन अच्छा रहेगा और कोई बड़ी डील होगी
आज का मिथुन राशि का राशिफल 18 मई 2025 : आज का दिन आपके लिए संपत्ति प्राप्ति का संकेत दे रहा है, योजनाएं सफल होंगी
रणवीर इलाहाबादिया का जीवन मंत्र: सकारात्मकता के लिए क्या करें?